Skip to main content

कैंची धाम में भक्तों की भीड़ के कारण शटल सेवाओं में परेशानी हो रही है। पर्यटकों को समय पर शटल नहीं मिल रही है और अतिरिक्त किराया लेने के आरोप भी लग रहे हैं। प्रशासन ने भवाली और भीमताल से शटल सेवाएं शुरू की हैं लेकिन पार्किंग स्थलों पर शटल वाहनों की कमी और जाम की समस्या से पर्यटक निराश हैं।

भवाली। जून माह में पीक सीजन होने की वजह से कैंची धाम में भक्तों का तांता लगा हुआ है। आए दिन हजारों की संख्या में भक्त बाबा के दर्शन कर रहे हैं।

भक्तों के दर्शन के लिए प्रशासन ने भवाली व भीमताल से शटल सेवाएं संचालित की है। जिसका किराया भी निर्धारित किया गया है। शटल सेवाओ के समय पर न मिलने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। वहीं कई पर्यटक अतिरिक्त किराया लेने का आरोप भी लगा रहे हैं।

आए-दिन पर्यटकों का हुजूम

नगर में कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों का आए-दिन हुजूम सा उमड़ रहा है। जिससे सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति उतपन्न हो रही है। जिस कारण प्रशासन ने पर्यटकों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। जहां से शटल सेवा की व्यवस्था की है। जिसका 50 रूपया प्रति सवारी किराया निर्धारित किया है। जो कुछ समय से विवादों में है

पर्यटकों द्वारा शटल संचालको पर कैंची छोड़ने के नाम पर 1000-2000 रुपया प्रति गाड़ी लेने के आरोप लग रहे है, वहीं पार्किंग स्थलों पर शटल वाहन भी नहीं मिल रहे हैं। जिससे पर्यटक निराश हो रहे हैं और नैनीताल व कैंची धाम की ओर उनका मोह भंग हो रहा है।

जब इस सम्बंध में मौके पर जाकर पर्यटकों व टैक्सी यूनियन से वार्ता की गई तो कोई भी शटल वाहन अतिरिक्त किराया लेते हुए नहीं मिला। वहीं पर्यटक भी किराए से तो सन्तुष्ट दिखे। पर शटल न मिलने व जाम की समस्या से परेशान दिखे।

वहीं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि शटल सेवाओं के अलावा अन्य रूटों पर चलने वाले वाहन भी पार्किंग स्थलों पर पहुंच रहे हैं। और जब शटल सेवाए पार्किंग स्थल पर उपलब्ध नहीं हो रही है। तो वह मौके का फायदा उठाकर पर्यटकों से ज्यादा रकम वसूल रहे हैं। जिसकी सूचना मिलते ही यूनियन द्वारा एसएसपी व आरटीओ को बाहरी वाहनों को प्रतिबंधित करने को पत्राचार किया है।

यूनियन भी ऐसे वाहनों पर नज़र रख रही है। नगर पालिका ईओ सुधीर कुमार ने भी पार्किंग में कार्यरत कर्मियो को ऐसे वाहनो पर नज़र रखने को निर्देशित किया है।

परिवार के 7 सदस्यों के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे। लेकिन पार्किंग स्थल पर घण्टों तक शटल नहीं मिली। पार्किंग स्थल भी दूर बनाया गया है, कि पैदल जाने की भी कोई संभावना नहीं है। जिससे पूरा दिन दर्शन में ही लग गया। - ज्योतिष कुमार, पर्यटक बिहार

प्रयागराज से बाबा के दर्शन को आए। हमें शटल सेवा तो समय पर मिल गई। लेकिन जाम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शटल सेवा से 50 रुपया प्रति व्यक्ति किराया ही लिया गया। यदि जाम से निजात मिले तो दर्शन में और अधिक आसानी होगी। - सत्य प्रकाश श्रीवास्तव पर्यटक प्रयाग राज

पुलिस के द्वारा वाहन को पार्किंग स्थल में भेजा गया। जहां शटल के इंतजार में आधा घण्टा लगा। जिसके बाद आते जाते वक्त 1 घण्टे जाम में रहे। शटल से 50 रूपया प्रति सवारी के हिसाब से किराया लिया गया। बाबा के दर्शन कर वह काफी प्रसन्न हैं। - अनिल सिंह पर्यटक सीतापुर

पर्यटकों की सुविधाओं के लिए प्रशासन ने शटल सेवाओं को हर समय उपलब्ध कराना चाहिए। वहीं पार्किंग की व्यवस्था भी ठीक करनी चाहिए। वाहन खड़ा कर शटल स्थल पहुचने में काफी समय लग गया। - सुनील कुमार, पर्यटक नोएडा

पार्किंग शुल्क लेने वाले कर्मचारियों की एक ड्रेस होनी चाहिए। जिससे अन्य लोग पार्किंग के नाम पर वसूली न कर सके। शटल सेवाओ में भक्तों को बैठाने की एक व्यवस्थित व्यवस्था बनानी चाहिए। क्योंकि कई उम्र दराज पर्यटक जल्दी में शटल नहीं पकड़ पा रहे और उन्हें घण्टो तक वही इंतजार करना पड़ रहा है। शटल सेवा में किराया 50 रुपया ही लिया गया। - सुनील कुमार पर्यटक नोएडा

पार्किंग स्थल पर तैनात कर्मचारियों को शनिवार से एक ड्रेस दी जाएगी। जिससे उनकी पहचान हो सके। उक्त कर्मचारियों को पर्यटकों को शटल सेवाओं में बैठाने व किराए की जानकारी देने के लिए भी कहा जाएगा। उन्होंने अतिरिक्त किराया लेने का उनके पास कोई मामला नहीं आया है। - सुधीर कुमार, ईओ भवाली

पर्यटकों की सुविधाओं के लिए चौराहों पर पुलिस की तैनाती की गई है। जो उन्हें निरंतर पार्किंग स्थलों व मार्गों की जानकारी दे रही है। पार्किंग स्थलों पर नगर पालिका शुल्क लेकर वाहन खड़ा कर रही है। जहां शटल चल रही है। जिनका किराया निर्धारित है। यदि कोई पर्यटकों से अतिरिक्त किराया लेता है, तो पुलिस को सूचित करें। - उमेश मलिक, कोतवाल भवाली

शटल का किराया फिक्स किया गया है और कोई शटल संचालक अतिरिक्त किराया नहीं ले रहा है। बाहरी वाहनों द्वारा पर्यटकों से अतिरिक्त किराया लेने का मामला संज्ञान में आया है। जिसपर आरटीओ व एसएसपी को सूचित कर शटल के अलावा अन्य टैक्सी वाहनो का पार्किंग स्थलों में आना प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि कोई शटल संचालक अतिरिक्त किराया लेता है, तो उसका वाहन शटल से हटा दिया जाएगा। - संजय लोहनी, टैक्सी यूनियन उपाध्यक्ष भवाली

News Category