
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद कई दुखद कहानियां सामने आई हैं। पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही हरप्रीत कौर होरा और अपनी बेटी के साथ देवर की शादी से लौट रही सादिकाबेन मोहम्मद मियां सेठवाला की इस हादसे में मौत हो गई। एक बुजुर्ग दंपति भी बेटे से मिलने जा रहे थे लेकिन उनकी यह ख्वाहिश अधूरी रह गई।
इंदौर। अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद लगातार झकझोरने वाली कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में एक कहानी 28 साल की हरप्रीत कौर होरा की है, जो पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थी। मगर उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी फ्लाइट होगी और पति से मिलने की ख्वाहिश अब कभी पूरी नहीं हो सकेगी।
हरप्रीत लंदन जाने के लिए बेहद उत्सुक थीं। उनके पति रॉबी होरा लंदन में पत्नी के आने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि कुछ ही देर में रॉबी की खुशियां आंसुओं में तब्दील हो गईं।
पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थी हरप्रीत
बेंगलुरु में आईटी प्रोफेशनल रहीं हरप्रीत के ससुर के भाई राजेंद्र सिंह होरा के अनुसार, "हरप्रीत 19 जून को लंदन जाने वाली थी। मगर पति के जन्मदिन को खास बनाने के लिए उसने थोड़ा पहले जाने का फैसला लिया। रॉबी के जन्मदिन पर दोनों ने यूरोप घूमने की प्लानिंग की थी, लेकिन पल भर में सब खत्म हो गया।"
राजेंद्र सिंह होरा ने कहा-
लंदन जाने से पहले हरप्रीत अपने माता-पिता से मिलने अहमदाबाद गई थी। 12 जून को जब वो लंदन की फ्लाइट में बैठी तो हमारे फैमिली ग्रुप में सभी ने उसको शुभकामनाएं दीं। मगर प्लेन उड़ते ही सबकुछ बदल गया। हमने हरप्रीत को हमेशा के लिए खो दिया।
देवर की शादी कर ढाई साल की बेटी संग लौट रही थी महिला
ऐसी ही एक कहानी है वडोदरा की 26 वर्षीय सादिकाबेन मोहम्मद मियां सेठवाला की, जो अपनी ढाई साल की बेटी फातिमा के साथ ब्रिटेन जा रही थीं। सादिकाबेन देवर की शादी में शिरकत करने के लिए वडोदरा आईं थीं और 12 जून को अहमदाबाद की उसी फ्लाइट से लंदन वापस जा रहीं थीं। परिवार उन्हें अहमदाबाद एअरपोर्ट पर छोड़कर वडोदरा जा ही रहा था कि रास्ते में प्लेन क्रैश की खबर ने सभी को हिलाकर रख दिया।
बेटे से मिलने लंदन जा रहे बुजुर्ग दंपति की मौत
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में बेटे से मिलने जा रही एक बुजुर्ग दंपति की भी मौत हो गई। महाराष्ट्र के रहने वाले 68 वर्षीय महादेव पवार अपनी 60 वर्षीय पत्नी आशा के साथ लंदन जा रहे थे। उनके दो बेटे हैं, एक अहमदाबाद में रहता है और दूसरा लंदन में। बेटे से मिले काफी समय हो गया था, तो दंपति ने बेटे से मिलने का फैसला किया और लंदन के लिए चल पड़े। मगर उन्हें क्या पता था कि अब वो अपने बेटे से कभी नहीं मिल सकेंगे।
एअर होस्टेस नगनथोई के घर छाया मातम
मणिपुर की एअर होस्टेस नगनथोई शर्मा की भी इसी प्लेन हादसे में दुखद मौत हो गई। नगनथोई की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। नगनथोई की बहन गीतांजलि ने बताया कि हम तीन बहनें हैं। फ्लाइट टेकऑफ करने से पहले उसने मैसेज किया था कि मैं लंदन जा रही हूं 15 जून को लौटने के बाद बात होगी। हमें क्या पता था कि अब वो कभी नहीं लौटेगी।
मौत से पहले दीपक ने मां को कहा था 'गुड मॉर्निंग'
क्रू मेंबर्स में दीपक पाठक भी शामिल थे। हादसे से ठीक कुछ देर पहले ही उन्होंने अपनी मां को फोन करके 'गुड मॉर्निंग' विश किया था। हादसे की खबर मिलते ही जब मां ने बेटे को फोन किया तो घंटी बजती रही, लेकिन बेटे की आवाज तक सुनने को नहीं मिली। दीपक की बहन ने बताया कि मां मानने को तैयार नहीं है कि बेटा इस दुनिया से चला गया। चार साल पहले ही दीपक की शादी हुई थी।
- Log in to post comments
- 2 views