
झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीआइडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड पुलिस की इंडियन रिजर्व बटालियन-8 गोड्डा के पांच जवान असम राइफल का एक जवान गृह रक्षा वाहिनी का एक जवान व असम राइफल के जवान का भतीजा शामिल है।
रांची। झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के अधीन संचालित संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआइडी ने आठ संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड पुलिस की इंडियन रिजर्व बटालियन-8 गोड्डा के पांच जवान, असम राइफल का एक जवान, गृह रक्षा वाहिनी का एक जवान व असम राइफल के जवान का भतीजा शामिल है। पेपर लीक मामले का कथित मास्टरमाइंड गोरखपुर का निवासी है, जिसकी तलाश जारी है।
अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) ने जारी प्रेस बयान में बताया है कि 21 सितंबर 2024 व 22 सितंबर 2024 को राज्य के सभी जिलों में जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई थी।
सीजीएल परीक्षा के पेपर में कथित धोखाधड़ी व सीजीएल परीक्षा के उम्मीदवारों के साथ धोखाधड़ी व दिग्भ्रमित करके प्रश्नपत्र देने के नाम पर धन उगाही का मामला सामने आया।
सीआइडी ने एक जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी। अनुसंधान के क्रम में पता चला कि परीक्षा के पूर्व ही एक गिरोह के सदस्यों ने अभ्यर्थियों को सीजीएल के प्रश्नों को देने के नाम पर धन की उगाही की है।
इसमें आमजन में सीजीएल प्रश्न पत्र लीक के संबंध में अफवाह व सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। अनुसंधान के क्रम में ही यह खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का तथाकथित सरगना गोरखपुर का निवासी है।
इसके बाद ही इस कांड के अप्राथमिकी आठ अभियुक्तों को सीआइडी ने सोमवार को गिरफ्तार किया। हालांकि, सीआइडी आगे यह भी कहती है कि अब तक प्रत्यक्ष एवं भौतिक रूप से सीजीएल पेपर के मूल प्रश्न पत्र लीक होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। कांड में आगे के अनुसंधान जारी है।
सीआइडी ने इन्हें किया गिरफ्तार
- कुंदन कुमार उर्फ मंटू : ग्राम कदियाही, थाना ओबरा, जिला औरंगाबाद, बिहार। यह सिपाही नंबर 119 है जो आइआरबी-8 मुख्यालय गोड्डा में पदस्थापित है।
- रोबिन कुमार : ग्राम खेरवानी, थाना धनवार, जिला गिरिडीह, झारखंड। यह सिपाही नंबर 105 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
- अखिलेश कुमार : ग्राम सेहास, थाना सतगावां, जिला कोडरमा, झारखंड। यह सिपाही नंबर 578 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
- गौरव कुमार : ग्राम खुटीकेवाल खूर्द, थाना हंटरगंज, जिला चतरा, झारखंड। यह सिपाही नंबर 138 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
- अभिलाश कुमार : ग्राम पिहरा, थाना गावां, जिला गिरिडीह, झारखंड। यह सिपाही नंबर 530 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के हेरेंज थाना क्षेत्र के हुंबू पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
- राम निवास राय : ग्राम बेदाही, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद, बिहार। यह सिपाही नंबर 5012553 है जो असम रायफल का जवान है। वर्तमान में वह पंजाब के लुधियाना में प्रतिनियुक्त था।
- निवास कुमार राय : ग्राम बेदाही, थाना जम्होर, जिला-औरंगाबाद, बिहार। यह गृह रक्षक संख्या 3858 है जो रामगढ़ जिला में तैनाथ था।
- कविराज उर्फ मोटू : ग्राम बेदाही, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद, बिहार। यह असम राइफल के जवान राम निवास राय का भतीजा है।
फोरेंसिक साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार हुए हैं सभी
सीआइडी ने डिजिटल साक्ष्य के विश्लेषण व फोरेंसिक साक्ष्य के आधार पर सभी संदिग्ध आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पेपर लीक मामले में सीआइडी ने गवाहों के उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्य व मोबाइलों की फोंरेंसिक जांच कराई थी।
सीआइडी ने प्रश्न पत्र एक मोबाइल से दूसरे मोबाइल में भेजे जाने संबंधित साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। इसी क्रम में उपरोक्त आरोपितों की भूमिका संदिग्ध मिली, जिसके बाद उन्हें पकड़ा गया है। मामले की जांच जारी है।
- Log in to post comments