Skip to main content

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा कि भारत ने कानपुर में दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश पर जीत के दौरान इंग्लैंड की बैजबॉल शैली की नकल की। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के साथ एक पॉडकास्ट में बात करते हुए वॉन ने यह बात कही। उनका मानना है कि भारत टेस्ट मैच जीतने के लिए बैजबॉल क्रिकेट की नकल कर रहा है।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत पर इंग्लैंड की कॉपी करने का आरोप लगाया है। वॉन का मानना है कि भारतीय टीम ने कानपुर टेस्ट मैच जीतने के लिए बैजबॉल क्रिकेट की कॉपी की है। बता दें की तीन दिन का खेल खराब होने के बाद चौथे दिन भारत ने पूरी तरह से आक्रामक रुख अपनाया था और पांचवें दिन टेस्ट मैच जीत लिया।

दूसरे टेस्ट मैच में रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने पहली पारी में आठ रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाए। महज 34.4 ओवर में 285/9 पर पारी घोषित कर बांग्लादेश पर 52 रन की बढ़त हासिल की। ​​इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश को 146 रन पर समेट दिया और चौथी पारी में 95 रन के लक्ष्य को 17.2 ओवर में हासिल कर लिया। इसके बाद वॉन ने क्लब प्रेयरी फायर पॉडकास्ट पर भारत के प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि उन्होंने इंग्लैंड की नकल की।

'भारत कर रहा इंग्लैंड की कॉपी'

वॉन ने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि यह एक शानदार टेस्ट मैच था। यह देखना शानदार है कि भारत अब बैजबॉलर बन गया है। उन्होंने 34.4 ओवर में 285 रन बनाए, उन्होंने इंग्लैंड की नकल की। ​​यह बहुत बड़ी बात है, अगर आपको लगता है कि भारत अब इंग्लैंड की नकल कर रहा है, तो यह बहुत बढ़िया है। मुझे कानूनी पहलुओं के बारे में नहीं पता, क्या इंग्लैंड इसके लिए उन पर आरोप लगा सकता है?

गैम्बल क्रिकेट खेल रहा भारत

इस पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने वॉन के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारत का अपना 'गैम्बल' है, जिसका नाम उनके मुख्य कोच गौतम गंभीर के नाम पर रखा गया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी करने से पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को फोन किया होगा।

 

News Category