हरियाणा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में कई वादे किए गए हैं। पत्रकारों के लिए विशेष सुविधा का एलान किया गया। पत्रकरों को कैशलेश स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। 25 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये मिलेंगे। जानिए कांग्रेस ने और क्या-क्या वादे किए...
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज घोषणा पत्र लॉन्च किया है। सात गारंटी के बाद कांग्रेस ने जनता से कई वादे किए हैं। 40 पन्नों के घोषणापत्र में 25 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया है।
सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर से पानी दिलाने का भी वादा किया गया है। कांग्रेस ने किसान आंदोलन के दौरान मारे गए 700 से अधिक किसानों के प्रत्येक परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है।
पुरानी पेंशन योजना को लागू करने का भी वादा किया है। हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार के पैटर्न को दोहराते हुए कांग्रेस ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि अगर वह हरियाणा में सत्ता में आती है तो वह सात गारंटियों को पूरा करेगी।
पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि मैं कल पत्रकारों से बातचीत कर रहा था। तब एक मुद्दा उठा था कि राजस्थान में पत्रकारों के लिए कई सुविधाएं कांग्रेस सरकार ने तय की थीं। लेकिन आपको जानकर खुशी होगी कि हरियाणा में भी पत्रकारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और पेंशन वृद्धि का मुद्दा शामिल है। हमारा मेनिफेस्टो बेमिसाल है और सभी को पता है कि कांग्रेस जो कहती है, वो करती है
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारा मेनिफेस्टो बहुत ही मेहनत के साथ बना है। मैं मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल जी समेत सभी साथियों को बधाई देता हूं। हमने मेनिफेस्टो बनाते समय काफी बातों का ख्याल रखा है और इसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। इस खास अवसर पर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, अशोक गहलोत, भूपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
- Log in to post comments