दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 116 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है जिसकी कीमत करीब 58 लाख रुपये है। आरोपितों ने पकड़े जाने से बचने के लिए कूरियर के जरिए गांजा ले जाने का नया तरीका अपनाया था। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है।
नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 116 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 58 लाख रुपये है। बरामद किया गया गांजा उड़ीसा-आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र से खरीदा गया था, जिसे आरोपित दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे।
आरोपितों की पहचान बिहार के रहने वाले नितेश और रोहित के रूप में हुई है। आरोपितों ने पकड़े जाने से बचने के लिए कूरियर के जरिए गांजा ले जाने का नया तरीका अपनाया था। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर आरोपितों को पकड़ा
क्राइम ब्रांच के डीसीपी के मुताबिक, एसआई गौतम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा का एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरोह कूरियर के माध्यम से दिल्ली में भारी मात्रा में गांजा की आपूर्ति करने वाला है। तुरंत टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मीरा बाग के पास जाल बिछाया और गांजे से भरा पार्सल जब्त कर लिया, इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर पार्सल भेजने वाले दो आरोपितों नितेश और रोहित को हरियाणा के यमुना नगर से गिरफ्तार कर लिया।
प्लाई फैक्ट्री में काम करते थे युवक
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पिछले 2-3 वर्षों से यमुना नगर में प्लाई फैक्ट्री में काम कर रहे थे। जहां उनकी मुलाकात अविनाश कुमार नामक युवक से हुई, जिसने उन्हें गांजे की सप्लाई कर अधिक पैसे कमाने का लालच दिया।
इसके बाद उन्होंने गांजे की सप्लाई शुरू कर दी थी। गिरोह के सदस्य उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से गांजा खरीद कर लाते थे और फिर उसे दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे।
- Log in to post comments