रुपये का लोन लेने के बाद साला अपने बहनाई से पैसे वापस मांग रहा था। कंबाइन गिरवी रख दी थी। रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस दोनों को लेकर थाने आई थी। थाना में विवाद बढ़ गया तो दोनों पक्ष बाहर की तरफ आ गए। इसी बीच भाजपा नेता बीच बचाव के लिए पहुंचे तभी एक राइफल से फायर हुआ।
शाहजहांपुर। रुपयों के विवाद में साले-बहनोई सोमवार को थाना के गेट पर भिड़ गए। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो एक पक्ष ने उन्हीं पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि हादसा नहीं हुआ। वहां मौजूद पुलिसकर्मी वीडियो बनाने तक सीमित रहे।
छह नामजद समेत आठ के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई। पुलिसकर्मियों की भूमिका की एसपी राजेश एस ने सीओ सदर प्रयांक जैन को जांच सौंपी है। लाल सिंह ने अपने बहनोई हरसिमरन सिंह को चार वर्ष पहले एक लाख रुपये उधार दिए थे।
कंबाइन रखी थी गिरवी
पुलिस के अनुसार, रुपये वापस न करने पर पांच माह पहले हरसिमरन ने अपनी कंबाइन लाल सिंह के यहां गिरवी रख दी। सोमवार को हरसिमरन ने कंबाइन वापस मांगी तो विवाद हो गया। पुलिस कंबाइन को थाने ले आई। समझौते के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। लाल सिंह के साथ उनके मित्र सतेंद्र सिंह भी गए थे। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष उठे और थाने के बाहर आकर नोकझोंक करने लगे। उसी दौरान वहां से निकल रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय चौहान ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
राइफल से कर दिया फायर
आरोप है कि हरसिमरन पक्ष से एक व्यक्ति ने राइफल से उन पर फायर किया। राहगीरों में भगदड़ मच गई। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि सतेंद्र की तहरीर पर भूपेंद्र सिंह, शरदवीर सिंह, कर्मवीर सिंह, हरसिमरन सिंह, गुरुबक्श सिंह, जज सिंह व दो अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी जानलेवा हमला, दहशत फैलाने, अभद्रता करने की धारा में प्राथमिकी लिखी गई है।
एएसपी सिटी संजय कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत करवा दी गई है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
- Log in to post comments