Skip to main content

महाराष्ट्र के बदलापुर दुष्कर्म कांड को लेकर बड़ी खबर है जहां स्कूल में दो लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए अक्षय शिंदे ने पुलिसकर्मी पर गोली चलाई है। आरोपी ने पुलिस से रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। घटना के वक्त उसे तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था।

मुंबई। महाराष्ट्र के बदलापुर दुष्कर्म कांड के आरोपी ने पुलिस से रिवॉल्वर छीनकर पुलिसकर्मी पर ही गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से इसकी जानकारी दी।

एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया कि स्कूल में सफाईकर्मी के तौर पर काम करने वाले अक्षय शिंदे को जांच के लिए तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था। जब पुलिस की गाड़ी मुंब्रा बाईपास पर पहुंची तो शिंदे ने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और एक सहायक पुलिस निरीक्षक पर गोली चला दी।

17 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी

अधिकारी ने बताया कि जवाबी फायरिंग में शिंदे घायल हो गया। गौरतलब है कि शिंदे को ठाणे जिले के बदलापुर शहर के एक स्कूल में दो लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने दोनों नाबालिगों के साथ स्कूल के शौचालय में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। उसे 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

News Category