Skip to main content

दूसरे मैच में अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका को 177 रन से हराया। राशिद खान ने पांच विकेट तो नांगेलिया ने चार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 34.2 ओवर में 134 रन बनाकर सिमट गई।

अफगानिस्तान ने एक इतिहास रचते हुए पहली बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की। दूसरे वनडे मैच में गुरबाज और उमरजई की तूफानी बल्लेबाजी के बाद राशिद और नांगेलिया ने अपनी फिरकी का जादू चलाया। दोनों ने मिलकर 9 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई और 177 रन से अफगानिस्तान ने मैच अपने नाम किया

टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रियाज हसन और रहमानुल्लाह गुरजाब के बीच पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई। हसन 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गुरबाज और रहमत शाह के बीच दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान गुरबाज ने वनडे करियर का अपना सातवां शतक जड़ा।

गुरबाज की शतकीय पारी

वहीं, दूसरे छोर से रहमत शाह ने अर्धशतकीय पारी खेली। गुरबाज 105 रन बनाकर आउट हुए तो रहमत ने 50 रन का योगदान दिया। इन दोनों के बाद अजमतुल्लाह उमरजई ने आतिशी पारी खेली। उमरजई ने 50 गेंद पर 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से नाबाद 86 रन बनाए, जिसकी मदद से अफगानिस्तान ने चार विकेट के नुकसान पर 311 रन का स्कोर बनाया।

राशिद और नांगेलिया का चला जादू

टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए टेम्बा बावुमा और टोनी डी जोरजी के बीच 73 रन की पार्टनरशिप हुई। कप्तान बावुमा 38 रन बनाकर अजमतुल्लाह का शिकार बने, जबकि टोनी को राशिद खान ने आउट किया। रीजा हेंड्रिक्स ने 17 रन का योगदान दिया। इसके बाद राशिद खान और नांगेलिया खरोटे की फिरकी का जादू चला और साउथ अफ्रीका ने एक के बाद एक विकेट गंवाए।

सात रन के अंदर गंवाए चार विकेट

साउथ अफ्रीका ने सात रन के अंदर अपने चार विकेट गंवाए। राशिद खान ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। ट्रिस्टन स्टब्स 5 रन, काइल वेरिन 2 रन, वियान मुल्डर 2 रन और ब्योर्न फोर्टुइन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। नांगेलिया खरोटे ने चार विकेट चटकाए। आखिर में राशिद खान ने एडन मार्करम को आउट कर अफ्रीका की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी।

वनडे सीरीज की अपने नाम

राशिद खान ने 9 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, नांगेलिया ने 6.2 ओवर में 26 रन खर्च कर चार विकेट लिए। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 134 रन बनाकर सिमट गई। अफगानिस्तान ने पहली बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की।

News Category