Skip to main content

साइबर अपराधियों ने धनबाद स्थित बीआइटी सिंदरी की एक छात्रा से निवेश के नाम पर 14 लाख 15 हजार 407 रुपये की साइबर ठगी कर ली। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित इंद्रजीत सिंह पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जानें कैसे आप ऐसे अपराधों से बच सकते हैं।

रांची। धनबाद स्थित बीआइटी सिंदरी की एक छात्रा से निवेश के नाम पर साइबर अपराधियों ने 14 लाख 15 हजार 407 रुपये की साइबर ठगी कर ली है।

इस मामले में केस दर्ज होने के बाद सीआइडी के अधीन संचालित साइबर अपराध थाने की पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है

गिरफ्तार आरोपित इंद्रजीत सिंह है। वह पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना थाना क्षेत्र के लुआबासा पोस्ट स्थित धोड़ाबांधा तिलता बस्ती में मकान संख्या 280 में रहता है।

पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल, एक सिमकार्ड, एक लैपटॉप, चार पासबुक, चार चेकबुक, एक आधार कार्ड व एक पैनकार्ड बरामद किया है।

छात्रा ने साइबर अपराध थाने में एक अगस्त 2024 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उक्त प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता व आइटी एक्ट में दर्ज की गई थी।

पीड़िता के अनुसार, उसे विभिन्न मोबाइल नंबरों से संपर्क किया गया। इसमें उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित जानकारी को साझा किया गया। इसके बाद उसे एक अन्य टेलीग्राम प्रोफाइल से संपर्क कर एक वेबसाइट का लिंक भेजा गया। उसे इसपर अपना आइडी बनाने के लिए बोला गया।

ट्रेडिंग से संबंधित निवेश करने के लिए उसे विभिन्न बैंक खाताओं में पैसा डालने के लिए बोला गया। शुरू में झांसा में लेने के लिए उसके खाते में कुछ पैसे डाले गए, लेकिन बाद में पैसे डालना बंद कर दिया गया। इस प्रकार उसके साथ कुल 14 लाख 15 हजार 407 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।

आरोपित के खाते में एक दिन में 1.5 करोड़ रुपये हुए हैं जमा

साइबर अपराध थाने की पुलिस ने पूरे मामले की जांच की। जांच में पता चला कि आरोपित के नाम पर एक प्रोपराइटरशिप फर्म है, जिसका नाम वेलुम्ड एडु प्राइवेट लिमिटेड है। इस फर्म के इंडसइंड बैंक खाता 256200158578 में एक दिन में 1.5 करोड़ रुपये क्रेडिट हुए हैं।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के माध्यम से संचालित नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से जानकारी मिली है कि उक्त खाते के विरुद्ध हरियाणा, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, कर्नाटक आदि राज्यों में कुल 27 शिकायतें दर्ज हैं।

इस तरह के अपराध से ऐसे बचें

फेसबुक, वॉट्सऐप, टेलीग्राम, गूगल एड्स के माध्यम से भेजे जाने वाले निवेश के ऑफर से संबंधित विज्ञापन के लिंक पर क्लिक न करें और न हीं लिंक के माध्यम से किसी वेब पोर्टल या ऐप पर रजिस्टर करें।

निवेश के नाम पर वॉट्सऐप, टेलीग्राम के माध्यम से मिलने वाले बैंक खाते, यूपीआई आइडी में पैसे जमा न करें।

अगर आप किसी फ्राड के शिकार हैं तो, इसकी सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर यापर दर्ज करें या इसकी लिखित शिकायत अपने नजदीकी थाना या साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना में करें।

News Category