अफगानिस्तान की टीम अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जानी जाती है और एक बार फिर इस टीम ने बताया है कि उसके पास अच्छे से अच्छे बल्लेबाजी क्रम को परेशान करने का दम है। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों का अफगानिस्तान के गेंदबाजों का खेलना भारी पड़ा गया। हालत ये रही कि टीम किसी तरह 106 रनों तक पहुंच सकी और ऑल आउट हो गई।फजलहक फारूकी की घातक गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने शरजाह में खेले जा रहे पहले वनडे में साउथ अफ्रीका की हालत खराब कर दी। तूफानी बल्लेबाजों से सजी इस टीम के लिए 100 रन बनाना भी मुश्किल साबित हुआ। वियान मुल्डर ने किसी तरह एक छोर संभाले रखा और ये टीम गिरते-पड़ते 33.3 ओवरों में 106 रनों पर ऑल आउट हो गई।
अफगानिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक ने तीसरे ओवर में जो विकेटों का सिलसिला शुरू किया वो लगातार चलता रहा और साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज एक-एक कर विकेट खोते रहे। फारुकी ने चार विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा अल्लाह मोहम्मद गजनफर ने तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
कर दिया तहस-नहस
फारुकी ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर रीजा हैंड्रिक्स का शिकार किया। वह नौ रन बनाकर आउट हो गए। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम दो रनों पर फारुकी की गेंद पर बोल्ड हो गए। दूसरे सलामी बल्लेबाज टोनी डी जॉर्जी भी फारुकी का शिकार बने। युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स से मुश्किल समय में बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन ये बल्लेबाज तो अपना खाता तक नहीं खोल सका। उन्हें गजनफर ने अपना शिकार किया।
दूसरे छोर से साउथ अफ्रीका की टीम लगातार विकेट खोती जा रही थी। जेसन स्मिथ को गजनफर ने आउट कर साउथ अफ्रीका का पांचवां विकेट गिराया। काइल वेरेयाने 10 रनों से आगे नहीं जा सके। आंदिले फेहुल्कवायो बिना खाता खोले रन आउट हो गए थे। यहां साउथ अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 36 रन था और लग नहीं रहा था कि ये टीम 50 का आंकड़ा भी छू पाएगी।
मुल्डर ने संभाली पारी
ऐसे में मुल्डर ने एक छोर संभाल लिया और लगातार स्कोरबोर्ड चलाते रहे। बजोर्न फॉर्ट्यून ने उनका साथ दिया। दोनों ने मिलकर 39 रन जोड़े। 16 रन बनाकर बजोर्न आउट हो गए। 105 रनों के कुल स्कोर पर मुल्डर का विकेट भी गिर गया। उन्होंने 84 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए। राशिद खान ने लुंग एंगिडी को आउट कर साउथ अफ्रीका की पारी खत्म कर दी।
ये पहली बार है जब अफगानिस्तान ने एक पारी में साउथ अफ्रीका के सभी 10 बल्लेबाजों को आउट किया है। फजलहक और गजनफर के अलावा राशिद ने दो विकेट लिए जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
- Log in to post comments