Skip to main content

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो अमीर लोगों के घरों में चालक की नौकरी करने के बहाने लाखों रुपये की चोरी कर रहा था। गिरोह का सरगना अपनी पहचान छिपाने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराता था। पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लाखों रुपये की विदेशी मुद्रा आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद।

दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी जिला पुलिस ने अमीर लोगों के पास चालक की नौकरी करने के बहाने उनके घरों से नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले पिता-बेटे सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने हाल ही में एक घर से विदेशी मुद्रा सहित आभूषण और नकदी चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए मास्टरमाइंड अपनी वेरिफिकेशन नहीं कराता था।

पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि आरोपितों की पहचान नांगलोई निवासी मुजम्मिल, उसके बेटे जावेद, राजन सिंह और उत्तम नगर के विकास नगर निवासी सुमित यादव के रूप में हुई है। सैनिक फार्म निवासी एक व्यक्ति ने नौ सितंबर को नेब सराय थाने में शिकायत दी थी

उन्होंने बताया था कि चोरों ने उनके घर से एक लाख रुपये सहित विदेश मुद्रा व अन्य सामान चोरी कर लिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित के घर की सीसीटीवी फुटेज देखी तो वारदात से एक दिन पहले दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर पांच संदिग्ध घूमते हुए नजर आए। तब पीड़ित परिवार ने फुटेज देखने पर आरोपित की पहचान जावेद के रूप में की। वह पीड़ित के घर चालक के रूप में काम करता था। उसने वारदात से दो महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी

पुलिस ने जावेद व उसके बेटे मुजम्मिल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर राजन सिंह और सुमित यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में जावेद ने बताया कि उसने चोरी का सामान बिजनौर के नाजियाबाद स्थित कंजर कालोनी में रहने वाली बेटी को दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक वह घर से निकल चुकी थी। उसने चोरी का सामान जावेद को दे दिया था। पुलिस ने जावेद की निशानदेही पर सामान को बरामद कर लिया।

पहचान छिपाने के लिए नहीं कराता था पुलिस वेरिफिकेशन

जावेद ने बताया कि वह महंगी कारों का चालक है। आरोपित अमीर परिवारों में चालक के तौर पर नौकरी करता था। इस दौरान वह मालिक के घर की रेकी करता था। आरोपित अपनी पहचान छिपाने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराता था।

पुलिस के अनुसार, रेकी करने के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ मालिक के घर से लाखों रुपये की चोरी कर लेता था। पुलिस ने शातिरों से लाखों रुपये की विदेशी मुद्रा, 35 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और लाखों रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।

News Category