Skip to main content

वंदे भारत एक्सप्रेस में आगरा और कोटा रेल मंडल के कर्मचारियों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। कोटा रेलवे स्टेशन पर आगरा से वंदे भारत ट्रेन को उदयपुर लेकर जा रहे लोको पायलट सह लोको पायलट और गार्ड से मारपीट की गई ट्रेन के शीशे तोड़ दिए गए। इस घटना से ट्रेन की परिचालन में देरी हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आगरा। आगरा-उदयपुर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस में आगरा रेल मंडल और कोटा रेल मंडल के लोको पायलट सहित कर्मचारियों में विवाद के बाद मारपीट का वीडियो शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यह वीडियो कोटा रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है। वहां आगरा से वंदे भारत ट्रेन को उदयपुर लेकर जा रहे लोको पायलट, सह लोको पायलट और गार्ड से मारपीट की गई, ट्रेन के शीशे तोड़ दिए गए।

आगरा-उदयपुर के बीच दो सितंबर से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ है। ट्रेन उदयपुर से आगरा के लिए सोमवार, गुरुवार और शनिवार को चलती है। पहले दिन ही ट्रेन के संचालन को लेकर आगरा रेल मंडल और कोटा रेल मंडल के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। गुरुवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर तीन बजे आगरा से उदयपुर के लिए रवाना हुई।

वीडियो हुआ वायरल

आगरा से लोको पायलट, सह लोको पायलट, गार्ड सहित अन्य कर्मचारी ट्रेन को लेकर कोटा पहुंचे। यहां से ट्रेन को आगे ले जाने के लिए कोटा रेल मंडल के लोको पायलट सहित पूरी टीम आ गई।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में आगरा रेल मंडल की टीम ट्रेन से नहीं उतरी, इसे लेकर विवाद के बाद मारपीट होने लगी। आगरा के लोको पायलट, सह लोको पायलट, गार्ड से मारपीट की गई। मारपीट में कपड़े फट गए। इस दौरान ट्रेन का एक शीशा भी टूट गया। इससे ट्रेन भी देरी से चल रही है और यात्री भी परेशान रहे।

आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर दोनों मंडल के कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला संज्ञान में आया है। आगरा से एनसीआर मुख्यालय के निर्देशानुसार टीम भेजी जा रही है। आगरा और कोटा रेल मंडल आपस में वार्ता कर रहे हैं। जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।

News Category