Skip to main content

भाजपा ने हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से 67 पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। पार्टी ने तीन मंत्री और नौ विधायकों का टिकट काट दिया है। दो विधायकों की सीट बदल दी गई है। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और मनोहर लाल सरकार में खेल मंत्री रहे संदीप सिंह को भी पार्टी ने मौका नहीं दिया है। जजपा के तीन बागी विधायकों की बल्ले-बल्ले हुई है।

लंबे इंतजार के बाद आखिकार भाजपा ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव की पहली सूची जारी कर दी है। कुल 67 विधानसभा सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशियों का एलान किया है। 23 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा बाद में की जाएगी। 

भाजपा ने नौ मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। वहीं 25 नए चेहरे को मौका दिया है। वहीं दो विधायकों की सीट बदली गई है। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को नलवा की जगह बरवाला और कोसली के विधायक लक्ष्मण यादव को रेवाड़ी से चुनाव में उतारा गया है।

हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों पर पांच अक्तूबर को मतदान होगा। आठ अक्टूबत को परिणामों की घोषणा होगी। आइए 10 प्वाइंट में समझते हैं भाजपा की पहली सूची की 10 बड़ी बातें...

  • 1- दो महीने पहले करनाल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की सीट पार्टी ने बदल दी है। अब वह कुरुक्षेत्र के लाडवा से चुनाव मैदान में होंगे। बता दें कि कुरुक्षेत्र में सैनी समुदाय की संख्या अधिक है। नायब सिंह सैनी यहां से सांसद भी रह चुके हैं।
  • 2- रोहतक से लोकसभा चुनाव हारने वाले डॉ. अरविंद शर्मा को पार्टी ने सोनीपत की गोहाना विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। 2019 में अरविंद शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा को हराया था। हालांकि इस चुनाव में दीपेंद्र के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सुनीता दुग्गल रतिया से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि लोकसभा में इनका टिकट काट दिया गया था।
  • 3- जजपा के तीनों बागी विधायक देवेंद्र सिंह बबली, रामकुमार गौतम और अनूप धानक की लॉटरी लगी है।देवेन्द्र सिंह बबली को फतेहाबाद के टोहाना, अनूप धानक को उकलाना और रामकुमार गौतम को सफीदों से टिकट मिला है। 
  • 4- हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को झज्जर की बादली सीट से उतारा गया है। ओम प्रकाश धनखड़ की पहचान किसान नेता और एक जाट नेता के तौर पर होती है।
  • 5- यौन शोषण के आरोपों में घिरे हरियाणा के पूर्व मंत्री संदीप सिंह का टिकट पार्टी ने काट दिया है। संदीप सिंह कुरुक्षेत्र के पिहोवा विधानसभा से विधायक थे। पार्टी ने उनकी जगह कमलजीत सिंह को उतारा है। खास बात यह है कि संदीप सिंह और कमलजीत सिंह दोनों ही सिख चेहरा हैं।
  • 6- पार्टी ने तीन मौजूदा मंत्रियों की टिकट काटा है। सोहना के विधायक और नायब सिंह सैनी सरकार में खेल मंत्री संजय सिंह और बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का टिकट पार्टी ने काट दिया है। रणजीत सिंह चौटाला ने हिसार से लोकसभा चुनाव लड़ा था। मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बवानी खेड़ा सीट से राज्य मंत्री विशंभर वाल्मीकि का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह कपूर वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है।
  • 7- पार्टी ने कई दिग्गजों पर एक बार फिर भरोसा जताया है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता पंचकूला से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अंबाला कैंट से ताल ठोंकेगे। हालांकि बीच में विज नाराज चल रहे थे। माना जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें साधने की कोशिश की है।
  • 8- शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर को यमुनानगर की जगाधरी सीट से एक बार फिर टिकट मिला है। मंत्री कमलेश ढांडा कलायत से चुनाव मैदान में होंगी। पिछला विधानसभा चुनाव हारने वाले पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर पार्टी का भरोसा बरकरार है। नारनौंद सीट से वे चुनाव लड़ेंगे।
  • 9- मंत्री अभय सिंह यादव, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, मंत्री जेपी दलाल और पूर्व मंत्री कमल गुप्ता को पार्टी ने टिकट का तोहफा दिया है। हिसार की आदमपुर सीट से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को उतारा गया है। लोकसभा चुनाव के दौरान चर्चा थी कि कुलदीप बिश्नोई पार्टी से खफा है। मगर भव्य को टिकट देकर पार्टी ने मतदाताओं में साफ संदेश दे दिया है।
  • 10- कुछ दिन पहले भाजपा ज्वाइन करने वाली और राज्यसभा चुनाव निर्विरोध जीतने वालीं किरण चौधरी को पार्टी ने एक और तोहफा दिया है। उनकी बेटी श्रुति चौधरी को पार्टी ने भिवानी की तोशाम विधानसभा सीट से उतारा है। किरण चौधरी पहले कांग्रेस में थीं।

भाजपा की सूची में दलबदलू

  • देवेन्द्र बबली (जेजेपी)
  • निखिल मदान (कांग्रेस)
  • भव्य बिश्नोई (कांग्रेस)
  • श्रुति चौधरी (कांग्रेस)
  • रामकुमार गौतम (जेजेपी)
  • पवन कुमार (जेजेपी)
  • शक्तिरानी शर्मा (एचजेपी)
  • श्याम सिंह राणा (इनेलो)
  • संजय काबलाना (जेजेपी)