Skip to main content

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने राहुल गांधी से मुलाकात की है। नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात के बाद से अब दोनों पहलवानों के चुनाव लड़ने की संभावनाएं बढ़ गई है। मंगलवार को दिल्ली में दोनों पहलवानों ने कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात की थी और अब राहुल गांधी से मुलाकात के बाद चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है।

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

राहुल गांधी से दोनों पहलवानों के मुलाकात के बाद से उनकी चुनाव लड़ने की संभावनाएं तेज हो गई है। बता दें कि काफी लंबे समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस इन दोनों स्टार पहलवानों को हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतार सकती है।

जल्द खत्म होगा सस्पेंस

हालांकि, कांग्रेस इस बात पर चुप्पी साधे हुए है कि पूनिया और फोगट को मैदान में उतारा जाएगा है या नहीं, जबकि एआईसीसी महासचिव और हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया ने मंगलवार को कहा कि गुरुवार तक इस पर स्पष्टता होगी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट की राहुल गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीर पोस्ट की है।

जल्द जारी हो सकती है कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची

बता दें कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार तक 90 में से 66 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, नामों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची एक-दो दिन में जारी हो सकती है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी।

गौरतलब हो कि बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट पूर्व भाजपा सांसद और तत्कालीन भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 2023 में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे।

News Category