कोलकाता में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। पुलिस ने जूनियर डॉक्टरों के मार्च को रोक दिया। इसके बाद सभी डॉक्टरों ने रात में ही बोबाजार में डेरा डाल दिया। जूनियर डॉक्टर लगातार महिला डॉक्टर के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। बता दें कि इस मामले में पूरे देश में विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है।
कोलकाता। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर का बोबाजार इलाके में धरना जारी है। वे आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार और हत्या की शिकार हुई महिला डॉक्टर के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। जूनियर डॉक्टर लालबाजार तक मार्च निकालना चाहते थे। मगर पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने बोबाजार में ही रात में रुकने का फैसला किया।
इस बीच सीबीआई ने वित्तीय अनियमितताओं में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष को गिरफ्तार किया है। घोष पर रुपये लेकर मेडिकल छात्रों को पास करने, टेंडर में पक्षपात और मेडिकल कचरे की अवैध बिक्री के आरोप हैं।
26वें दिन हुई घोष की गिरफ्तारी
सीबीआई ने 24 अगस्त को हाईकोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। वहीं महिला डॉक्टर की हत्या के 26वें दिन डॉ. घोष को गिरफ्तार किया गया है।
इनकी शिकायत पर हुआ एक्शन
अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ.अख्तर अली ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं की जांच ईडी से कराने की अपील की थी। इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने भ्रष्टाचार मामले की जांच की खातिर एसआईटी का गठन किया था। हालांकि बाद में हाईकोर्ट ने जांच सीबीआई को सौंप दिया।
- Log in to post comments