हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं का एक-दूसरे पार्टियों में पाला बदलने का सिलसिला लगातार जारी है। आज टोहाना से जजपा के विधायक देवेंद्र बबली भाजपा का दामन थाम सकते हैं। कयास लगाते जा रहे हैं कि देवेंद्र बबली का भाजपा जाने का रास्ता पूर्व सीएम मनोहर लाल ने साफ किया है।
फतेहाबाद। टोहाना से निवर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली सोमवार सुबह दिल्ली में भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। विधानसभा चुनावों में देवेंद्र बबली टोहाना से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। हालांकि भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने ऐसी कोई जानकारी होने से स्पष्ट इंकार किया है।
मनोहर लाल ने साफ कराया बबली की एंट्री का रास्ता
माना जा रहा है कि देवेंद्र बबली के भाजपा में शामिल होने के रास्ते को केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साफ किया है। हालांकि देवेंद्र बबली से जब इस खबर की पुष्टि के लिए फोन किया गया तो दो बार कॉल के बावजूद उन्होंने फोन नहीं उठाया, लेकिन उनसे जुड़े करीबी सूत्रों ने बबली के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की है।
- Log in to post comments