Skip to main content

बुलडोजर से हटाया जा रहा था मलबा... अचानक धधक उठी आग, दो महीने बाद कैसे हुआ धमाका?

दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दो महीने पहले आग लगने से ढही इमारत के मलबे को हटाते समय अचानक फिर से आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर सभी हैरान रह गए। पुलिस जांच में जुटी है कि दो महीने पुराने मलबे में आग कैसे लगी। दमकल की 12 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

 दिल्ली। दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दो महीने पहले आग लगने के कारण ढही इमारत का मलबा उठाने के दौरान फिर से आग भड़क गई।

मलबे से आग की लपटे उठता देख, सभी दंग रह गए। आखिर दो महीने से पड़े मलबे में फिर से आग कैसे भड़क गई। इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग व स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुंची दमकल की करीब दर्जनभर गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हलांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

सूचना मिलते ही दमकल की दर्जनभर गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

दमकल अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 7:26 बजे नरेला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही आस-पास के फायर स्टेशन से दर्जनभर गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।

जांच में पता चला कि फैक्ट्री प्लास्टिक दाने की थी। दो माह पहले फैक्ट्री में आग लग गई थी। जिससे इमारत भरभराकर गिर गया था।

शुक्रवार को फैक्ट्री का मलबा हटाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और आग की तेज लपटें निकलने लगी। आग की लपटें निकलता देख सभी हैरान हो गए

आग कैसे लगी पुलिस जुटा रही जानकारी

आग लगते ही मलबा हटा रहे लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। दमकलकर्मियों ने लोगों को वहां से हटाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया है।

दमकल अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग कैसे भड़की, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।

News Category