हिमाचल प्रदेश सरकार ने डॉक्टरों के लिए नए आदेश जारी किए हैं। अब रेजीडेंट डॉक्टर इंटर्न और पीजी 12 घंटे से ज्यादा काम नहीं करेंगे। वहीं एक सप्ताह में नए ड्यूटी रोस्टर के साथ अनुपालन रिपोर्ट प्रदेश चिकित्सा शिक्षा निदेशालय को सौंपनी होगी। चिकित्सकों को पहले 36 से 48 घंटे लगातार ड्यूटी देनी पड़ रही थी।
शिमला: हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल व डेंटल कॉलेज में रेजीडेंट डाक्टर, इंटर्न और पीजी करने वाले चिकित्सकों से अब 12 घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं ली जा सकेगी। इसमें ऑन कॉल ड्यूटी भी शामिल है।
इस संबंध में प्रदेश स्वास्थ्य सचिव की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। कर्नाटक में मार्च में 12 घंटे ड्यूटी के प्रविधान का आदेश जारी किया गया था। अब हिमाचल सरकार ने इस तरह के आदेश जारी किए हैं।
नए ड्यूटी रोस्टर के साथ मांगी रिपोर्ट
प्रदेश चिकित्सा शिक्षा निदेशालय ने सभी मेडिकल कॉलेजों को निर्देश जारी कर एक सप्ताह में नए ड्यूटी रोस्टर के साथ अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। इन आदेश से लगभग 1800 पीजी, इंटर्न, जूनियर रेजीडेंट व सीनियर रेजीडेंट को लाभ मिलेगा।
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 10 दिन हड़ताल की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मंगलवार को हुई बैठक में इस मामले सहित अन्य मांगों को उठाने के दो दिन बाद इस तरह के आदेश जारी किए गए।
- Log in to post comments