Skip to main content

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Election 2024) को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों एकसमान हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी।

 चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौरा जारी है। वहीं, इस बीच सोमवार को रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी कांग्रेस पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिससे कांग्रेस को दिक्कत हो रही है। कांग्रेस पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के मामलों में कांग्रेस से भी आगे निकलने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर पर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी व आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों को भाजपा में शामिल करते हुए कहा कि हमारा ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जब कांग्रेसी हमारे बढ़ते ग्राफ को देखते हैं तो उनका पेट खराब हो जाता है।

तीसरी बार सरकार बनाएगी भाजपा: CM

सीएम ने कहा कि जब चार अक्टूबर को परिणाम आएंगे तो भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। भाजपा ने 10 वर्षों में देश और प्रदेश की तकदीर और तस्वीर को बदला है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव किए समान रूप से विकास किया है। 10 वर्षों से हमारी सरकार ने गरीब, युवा, महिला और अन्नदाताओं की उन्नति, समृद्धि के लिए संकल्पित होकर काम किया है।
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य हरियाणा को विकसित राज्य बनाना है। इसलिए तीसरी बार भाजपा सरकार बनना जरूरी है। एक अक्टूबर को विधानसभा चुनाव है, इसलिए सभी कार्यकर्ता दिन रात हर विधानसभा में कमल खिलाने के कार्य में जुट जाएं।

ओलंपिक पदक विजेता पलवान अमन सहरावत का स्वागत

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने झज्जर जिले के बीरोहड़ के रहने वाले ओलंपिक कांस्य पदक विजेता 21 वर्षीय पहलवान अमन सहरावत के संत कबीर कुटीर पर पहुंचने पर स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलवान अमन पर देश और प्रदेश को गर्व है। महज 10 साल की उम्र से विपरीत परिस्थितियों में अमन ने कुश्ती में जो कठिन तप किया, वह अद्भुत है। उन्होंने अमन को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।सीएम ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार

रक्षाबंधन पर्व पर अनेक बहनों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कलाई पर राखी बांधी। सभी को रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि बहनों का यूं स्नेह मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। रक्षा सूत्र मेरे लिए विशेष जिम्मेदारी का एहसास है। हरियाणा प्रदेश का मुखिया होने के नाते अपनी सभी बहनों की सुरक्षा, समृद्धि और उनका उत्थान सदैव हमारी प्राथमिकता रहेगी।

News Category