Skip to main content

Himachal Disaster: बांध में चार दिन बाद मिला महिला का शव, कान की बालियों के फोटो देख छलक पड़े ग्रामीणों के आंसू

Himachal Disaster हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से लोगों के दिलों में दहशत फैल गई है। मरने वालों की संख्‍या 11 हो गई है। वहीं 40 अभी भी लापता हैं। चार दिन बाद सुन्नी बांध से महिला का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं प्रशासन की टीम ने कान की बालियां गांव के लोगों को दिखाई है।

रामपुर⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠:- रामपुर के समेज गांव में बुधवार रात का मंजर लोगों के जहन में अब भी डर पैदा कर रहा है। घटना के चार दिन बाद भी लोग घटनास्थल के आसपास अपने स्वजन की तलाश में जुटे हुए हैं।

चार दिन बाद मलबे में लोगों के जिंदा होने की उम्मीद न के बराबर बची है। बावजूद इसके लोग हर सुबह नई उम्मीद के साथ पहुंच जाते हैं कि कोई खबर उनके स्वजन की आज मिल जाएगी।

शव की नहीं हो पाई पहचान

रविवार सुबह सुन्नी बांध में एक शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पा रही है। महिला के कानों में बालियां थीं। प्रशासन की टीम ने शव की शिनाख्त के लिए बालियों के फोटो वाट्सएप से गांव के प्रधान को भेजे। प्रधान ने गांव में लोगों को इसकी सूचना दी।

गांव के लोगों को जैसे ही इसकी सूचना मिली वे इक्ट्ठा हो गए। महिलाएं व लोग बालियां पहचानने में लग गए। लोग इस उम्मीद से पहुंचे थे कि शायद ये बालियां उनके किसी अपने की हों। उनकी आंखों के आंसू अपनों के खोने का दर्द बयान कर रहे थे। एक तरफ जहां प्रशासन की टीम तलाश में जुटी है, वहीं लोगों की तरफ से भी पूरा सहयोग मिल रहा है।

News Category