बलरामपुर के मधपुर गांव में विदेशी फंडिंग से मतांतरण कराकर बनाई गई जलालुद्दीन उर्फ छांगुर की 12 करोड़ की कोठी को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। सरकारी जमीन पर बने हिस्से को बुलडोजर से गिराया गया। एटीएस ने छांगुर और नीतू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन अब अन्य जमीनों की जांच कर रहा है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
बलरामपुर। तीन से चार हजार लोगों का मतांतरण कराकर विदेशी फंडिंग से उतरौला के मधपुर गांव में बनाई गई जलालुद्दीन उर्फ छांगुर की कोठी ध्वस्त कर दी गई है। 12 करोड़ की लागत से बनाई कोठी के उस हिस्से को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई से गिरा दिया, जो सरकारी जमीन (नवीन परती) पर बनाई गई थी। मंगलवार से शुरू की गई कोठी गिराने की बुलडोजर कार्रवाई गुरुवार को मुख्य बड़ा गेट ढहाने के साथ पूरी हो गई
परिसर में जाने के लिए चांद औलिया मजार की तरफ बने दूसरे गेट से ही प्रवेश किया जा सकता है। पूरी कोठी वीरान दिख रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है। तीन दिन चली कार्रवाई में आए खर्च का आकलन लोक निर्माण विभाग की टीम व जेसीबी मालिक के बिल प्रस्तुत करने पर वसूली की रकम तय होगी
स्थानीय प्रशासन ने छांगुर, नीतू उर्फ नसरीन व नवीन उर्फ जमालुद्दीन की उतरौला व आसपास की जमीन की भी जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ छांगुर को लेकर एटीएस के किसी भी समय आने की चर्चा तेज है।
मतांतरण कराने और विदेशी फंडिंग मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) छांगुर, नीतू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। नीतू और छांगुर को एटीएस ने रिमांड पर लिया है। इससे इन दोनों को लेकर एटीएस मधपुर आएगी। मधपुर में बनी कोठी को गिराने की प्रक्रिया पांच जुलाई को छांगुर और नीतू की लखनऊ में गिरफ्तारी के बाद सात जुलाई से शुरू की गई।
इसी दिन स्थानीय प्रशासन ने अलग-अलग तिथियों में जारी तीन नोटिस कोठी की दीवार पर चस्पा की और मंगलवार सुबह से आठ बुलडोजर, पांच थानों की पुलिस लगाकर ढहाना शुरू कर दिया। तहसीलदार उतरौला सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि सरकारी जमीन पर बनी कोठी को ध्वस्त कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के आकलन के बाद ही वसूली जाने वाली रकम पता चलेगी। इनकी पांच जमीन और चिह्नित की गई है। उसके अभिलेखों की जांच करने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
कोठी का मलबा देखने के लिए आसपास गांव के लोग आ रहे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा के लिए उतरौला कोतवाली के दो सब इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस बल तैनात है। कोठी परिसर में किसी को भी प्रवेश अभी नहीं दिया गया है।
- Log in to post comments
- 3 views